गांधी जयंती पर बांसवाड़ा शहर के गांधी मूर्ति सर्किल पर जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में नगर परिषद के 10 सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के बाद सभापति मुकेश रावत, उपसभापति और अन्य सदस्यों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सभी धर्मों की प्रार्थनाओं का वाचन किया गया और सामूहिक रूप से रामधुन का गायन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं स्वच्छता के संदेशों को याद किया। विद्यार्थियों को गांधीजी के जीवन एवं आदर्शों से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह यादव, नगर परिषद सभापति मुकेश रावत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चन्द्र बारोलिया, जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित एवं उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग संदीप मछार सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सफाईकर्मियों के काम की तारीफ, 10 का सम्मान नगर परिषद के 10 सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव एवं स्वच्छता के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड एवं नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली। कार्यक्रम के बाद नगरपरिषद के सभापति मुकेश रावत, उपसभापति चंकी शाह व पार्षदों सहीत अन्य लोगों ने श्रमदान भी किया। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह यादव ने कहा- महात्मा गांधी के विचारों सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। गांधीजी के विचार आज भी समाज को एकता, शांति और मानवता का संदेश देते हैं। कार्यक्रम का संचालन दीपेश जोशी सीओ स्काउट गाइड ने किया। देखें कार्यक्रम की तस्वीरें..