​बांसवाड़ा शहर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में नगर परिषद ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत नगर परिषद की टीम ने विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 प्रमुख प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की और उनके यहां से करीब 200 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से शहर के दुकानदारों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। 14,800 रुपए का जुर्माना वसूला ​अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की और कुल 14,800 रुपए का जुर्माना वसूल किया। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में व्यापारियों को हिदायत दी है कि वे भविष्य में किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, बिक्री या भंडारण न करें। ​कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के सभापति मुकेश रावत और आयुक्त प्रकाश झांडे ने शहर के सभी व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर दें। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई उन्होंने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में भी औचक निरीक्षण का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। यदि जांच के दौरान किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान पर प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग, बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो बिना किसी नरमी के सामान की जब्ती के साथ भारी भरकम जुर्माना लगाया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ​इस कार्रवाई के दौरान एसबीएम प्रभारी एवं सहायक अभियंता विजय दांतला, विजयपाल सिंह सिसोदिया और विनोद रायका सहित नगर परिषद का पूरा अमला प्रमुख रूप से मौजूद रहा। प्रशासन की इस प्रकार की लगातार सख्त कार्रवाइयों से शहर में प्लास्टिक के अवैध उपयोग पर काफी हद तक लगाम लगने की उम्मीद है।