बांसवाड़ा शहर के पाला रोड पर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी और अतिक्रमण के कारण यातायात में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की। नगर परिषद सभापति के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में शनिवार सुबह यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर ठेले लगाकर अतिक्रमण करने वाले विक्रेताओं को हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान सड़क पर यातायात सुचारू रखने पर जोर दिया गया। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई यातायात प्रभारी रामस्वरूप मीणा ने बताया- यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे बैठकर व्यापार करने पर पुलिस को आपत्ति नहीं है, लेकिन मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विक्रेताओं के लिए जगह तय करे नगर परिषद यातायात प्रभारी मीणा ने कहा- यदि नगर परिषद सब्जी विक्रेताओं और ठेले वालों के बैठने के लिए उचित स्थान निर्धारित कर दे, तो यातायात और पार्किंग व्यवस्था संभालने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस का मुख्य काम शहर में यातायात को सुचारू रखना और पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करना है। कार्रवाई से राहगीरों को मिली राहत पुलिस की कार्रवाई के बाद पाला रोड पर यातायात सुचारू नजर आया और राहगीरों को आवागमन में राहत मिली। पुलिस के अनुसार, नगर परिषद के सहयोग से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और अतिक्रमण से होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए अभियान जारी रहेगा।