बांसवाड़ा में दिनदहाड़े राहगीर की बाइक रुकवाकर मारपीट और लूट करने वाले हिस्ट्रीशीटर को आनंदपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी और उसके दो साथियों ने बैंक जा रहे युवक को रास्ते में रोककर उसकी स्पोर्ट्स बाइक और मोबाइल लूट लिया था। वारदात के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो आरोपी रात में घायल हालत में मिला। इलाज के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर लूटी गई स्पोर्ट्स बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लूट, मारपीट, नकबजनी और हत्या के प्रयास जैसे 6 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पढ़िए … पूरी रिपोर्ट आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया - 24 अगस्त को दीपक पुत्र राजी निवासी जेतीयावाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह किसी काम से चांदरवाड़ा बैंक जा रहा था। नवाटापरा गांव के पास पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद दिनेश और उसके दो साथियों ने हाथ देकर उसकी बाइक रुकवा ली। आरोपियों ने दीपक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी स्पोर्ट्स बाइक और एंड्रॉइड मोबाइल छीनकर फरार हो गए। रात में घायल हालत में मिला आरोपी घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान 24 अगस्त की रात दिनेश गांगलिया तिराहे के आगे कनेला रोड पर संदिग्ध और घायल हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे तुरंत आनंदपुरी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां पुलिस पहरे में उसका इलाज कराया गया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 6 गंभीर मामले दर्ज पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार दिनेश पुत्र कोमजी निवासी गांगलिया, आनंदपुरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से लूट, मारपीट, नकबजनी और हत्या के प्रयास जैसे 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर सूने रास्तों पर राहगीरों को रोककर लूटपाट करता था। इलाज के बाद गिरफ्तार, निशानदेही पर बाइक बरामद पुलिस ने दीपक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इलाज के बाद आरोपी दिनेश को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक बरामद कर ली गई। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।