बांसवाड़ा में 17 सितंबर 2026 की रात 10 बजे के करीब कार सवार से हुई 1 करोड़ 18 लाख रुपए की लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। वारदात को 4 बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया था। इनमें से अजय डिंडोर नाम का एक बदमाश सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। रकम का इंतजाम करने के लिए वह वारदात में शामिल हुआ था। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया- वारदात आंबापुरा थाना इलाके में नेशनल हाईवे 927 ए पर महाराणा प्रताप सेतु गेमन पुल पर हुई थी। बांसवाड़ी का बाहुबली कॉलोनी में रहने वाले व्यापारी विवेक जैन के मुनीम मोहन ने लूट की रिपोर्ट दी थी। मुनीम को पता नहीं कितना पैसा था एसपी ने बताया- लूट की वारदात मुनीम मोहन (30) के साथ हुई थी। वह व्यापारी विवेक जैन का मुनीम होने के साथ-साथ ड्राइवर भी है। मोहन रजतलाब थाना इलाके के ठीकरिया गांव का रहने वाला है। लूट की वारदात होने के बाद उसने आंबापुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में मोहन ने बताया- मालिक विवेक जैन के कहने पर मैं और मेरा एक साथी मुकेश मईडा 17 सितंबर को स्विफ्ट डिजायर कार से रतलाम (मध्यप्रदेश) गए थे। वहां से दो लोगों से रकम लेकर कार की पिछली सीट पर रख दी। रात 8:30 बजे हम बांसवाड़ा के लिए रवाना हुए। रात करीब 10:05 बजे हम गेमन पुल पार करके माताजी के मंदिर (बांसवाड़ा) के पास पहुंचे। इस दौरान अचानक एक ट्रैक्टर सामने आ गया। कार रोकी तो पीछे से बिना नंबर की एक कार आकर रुकी। कार में से 3-4 बदमाश उतरे और लाठी-तलवार से हमारी गाड़ी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने गाड़ी के कांच तोड़कर दरवाजा खोला और हमें बाहर खींचकर रुपयों का पार्सल और हमारे मोबाइल ले गए। वे कार से बांसवाड़ा शहर की तरफ भाग गए। शराब पार्टी करते मिले चारों आरोपी मामला दर्ज होने के बाद आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने जांच के बाद संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। 24 सितंबर को मुखबिर से इनपुट मिला कि संदिग्ध अजय डिण्डोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानू और प्रकाश कटारा गणाऊ इलाके में सुनसान नाले में शराब पार्टी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली। बचकर भागने की कोशिश में अजय डिण्डोर और मोहनलाल राणा पत्थरों पर गिर पड़े, उनके पैरों में चोटें आईं। पुलिस चारों को दबोचकर थाने लाई जहां उन्होंने लूट की वारदात करना कबूल कर लिया।इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अब उन्हें पुलिस रिमांड (PC) पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। सरपंच का चुनाव लड़ने वाला था एक आरोपी थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया- आरोपी अजय डिंडोर (34) सरपंच का चुनाव लड़ने वाला था। वह डामरवासा नवागांव का रहने वाला है। चारों आरोपी बांसवाड़ा के सदर थाना इलाके के रहने वाले हैं। अजय के अलावा मोहनलाल (33) भूतिया डूंगरी का निवासी है। प्रकाश कटारा (39) धनपुरा के बोदला गांव का है और कन्हैया उर्फ कानू कटारा (36) गणाऊ इलाके का निवासी है। खुलासे में इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका खुलासे में थानाधिकारी आंबापुरा निर्भय सिंह के साथ ASI गजराजसिंह (विशेष योगदान), विशाल सिंह(ASI राजतालाब), रवि कुमार थापा (ASI सज्जनगढ़), हेड कांस्टेबल शंकरलाल (विशेष योगदान), गजेन्द्रसिंह (हेड सदर), पुष्पराजसिंह, हितैश पाटीदार, भागचन्द, जोर सिंह, धीरेन्द्र सिंह (थाना आंबापुरा) और धीरूज (साइबर सैल, बांसवाड़ा) की टीम का सराहनीय योगदान रहा।