पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने डूंगरपुर जिले की तीन पंचायत समितियों चिखली, सीमलवाड़ा और झोंथरी के लिए 47 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। वहीं, सागवाड़ा, गलियाकोट, भंडारी और पाड़वा पंचायत समितियों में पार्टी ने अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस और भाजपा ने भी जिले की किसी पंचायत समिति के लिए प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। पहले चरण के नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है, ऐसे में प्रत्याशियों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए अब सीमित समय बचा है। तीन पंचायत समितियों में बीएपी ने खोला खाता, बाकी सीटों पर इंतजार बीएपी ने चिखली, सीमलवाड़ा और झोंथरी पंचायत समितियों के लिए 47 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारी तेज कर दी है। हालांकि, पहले चरण में शामिल सात पंचायत समितियों में से चार—सागवाड़ा, गलियाकोट, भंडारी और पाड़वा—में पार्टी की प्रत्याशी सूची का इंतजार है। कांग्रेस और भाजपा ने भी अब तक अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। ऐसे में नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ राजनीतिक दलों में प्रत्याशियों के चयन और घोषणा को लेकर हलचल बढ़ने की संभावना है। पहले चरण में 7 पंचायत समितियों और 233 ग्राम पंचायतों में चुनाव डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के तहत जिला परिषद के 37 वार्ड, 14 पंचायत समितियों के 234 सदस्य पद और 442 ग्राम पंचायतों में सरपंच व वार्ड पंच के चुनाव होने हैं। पहले चरण में 22 अक्टूबर को सागवाड़ा, पाड़वा, गलियाकोट, सीमलवाड़ा, झोंथरी, भंडारी और चिखली पंचायत समितियों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को 233 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए 595 मतदान बूथ बनाए जाएंगे। पहले चरण का चुनाव कार्यक्रम 8 अक्टूबर: चुनाव की अधिसूचना जारी। 13 अक्टूबर: नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख। 14 अक्टूबर: नामांकन पत्रों की जांच। 15 अक्टूबर: दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी और चुनाव चिह्नों का आवंटन। 21 अक्टूबर: मतदान दलों की रवानगी। 22 अक्टूबर: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान। 23 अक्टूबर: ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन। 24 अक्टूबर: सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान, इसके बाद मतगणना और परिणाम जारी। 25 अक्टूबर: उपसरपंच पद के लिए नामांकन, मतदान और परिणाम। दूसरे चरण में 7 पंचायत समितियों और 205 ग्राम पंचायतों में चुनाव जिले की शेष सात पंचायत समितियों डूंगरपुर, पाल देवल, बिछीवाड़ा, गामड़ी अहाड़ा, साबला, आसपुर और दोवड़ा में दूसरे चरण के तहत चुनाव होंगे। इस चरण में 205 ग्राम पंचायतों के लिए 572 मतदान बूथ बनाए जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया एक साथ होगी। दूसरे चरण का कार्यक्रम: 13 अक्टूबर: चुनाव की अधिसूचना जारी। 16 अक्टूबर: नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख। 27 अक्टूबर: मतदान दलों की रवानगी। 28 अक्टूबर: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान। 29 अक्टूबर: ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन। 30 अक्टूबर: सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान, इसके बाद मतगणना और परिणाम। 31 अक्टूबर: उपसरपंच पद के चुनाव। नवंबर में जिला प्रमुख से लेकर प्रधान तक के चुनाव पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। इसके बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति के प्रमुख पदों के चुनाव होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन चुनावों के साथ जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के नेतृत्व की तस्वीर स्पष्ट होगी।