बारां में पंचायत राज चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें जिला प्रमुख और जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया गया। यह बैठक तेल फैक्ट्री स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित की गई। राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार मुख्य अतिथि थीं, जबकि जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने अध्यक्षता की। कविता पाटीदार ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने और संगठन हित को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। संभाग प्रभारी अल्का मुंदड़ा और जिलाध्यक्ष सिकरवार ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के लिए कहा। विधायक राधेश्याम बैरवा ने इस चुनाव को संगठन की ताकत गांव-गांव तक पहुंचाने का अवसर बताया। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता शिवांगी सिकरवार और जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।