बारां नगरपरिषद में उपसभापति पद पर भी आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। यहां आप के तेजस सुमन ने कांग्रेस के नवीन सोन को 12 वोटों से हराया। तेजस को कुल 31 वोट मिले। वहीं नवीन को 19 मत मिले। जिले के 6 नगर निकायों में अध्यक्ष और सभापति के चुनाव के बाद उपाध्यक्ष और उपसभापति पद के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। बारां नगरपरिषद में उपसभापति और 5 नगरपालिकाओं में उपाध्यक्ष के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से प्रक्रिया शुरू हुई। विष्णु कुमारी नागर निर्विरोध उपाध्यक्ष बनी इधर अंता नगरपालिका में भाजपा की विष्णु कुमारी नागर निर्विरोध उपाध्यक्ष बनी है। वही छबड़ा नगरपालिका में कांग्रेस के देवेंद्र शर्मा उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए है। उन्होंने भाजपा के दीपक भार्गव को 6 वोटों से हराया। शर्मा को 19, भार्गव को 13 वोट मिले। वहीं 2 वोट नोटा को और 1 वोट निरस्त हो गया। बारां नगरपरिषद में 'आप' का बोर्ड सोमवार को आए नतीजों ने जिले के सियासी समीकरण बदल दिए थे। बारां नगरपरिषद में आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर नई सभापति बनीं। उन्होंने कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज को 11 वोटों से हराया। भाजपा पार्षदों ने मतदान का बहिष्कार किया था। इसे कांग्रेस के 15 साल पुराने बोर्ड का अंत माना जा रहा है। 3 नगरपालिका में कांग्रेस, 2 में भाजपा का बोर्ड अटरू से कांग्रेस की निशा नैनीवाल, सीसवाली से पीयूष खंडेलवाल और अंता से प्रदीप नागर अध्यक्ष चुने गए हैं। भाजपा ने छबड़ा में रीना सुमन और मांगरोल में भूपेंद्र सुमन को अध्यक्ष बनाकर 2 निकायों पर कब्जा किया है। आमतौर पर जिस पार्टी का अध्यक्ष बनता है, उसी का उपाध्यक्ष भी बनता है। हालांकि, निर्दलीयों की भूमिका और पार्षदों में असंतोष के चलते क्रॉस वोटिंग की संभावना है। सभी पार्टियां अपने पार्षदों को एकजुट रख पाएंगी या नहीं, यह कुछ ही घंटों में साफ हो जाएगा।