कांग्रेस ने आगामी पंचायतराज चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में 14 अक्टूबर को बारां में एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। यह सम्मेलन नेशनल हाईवे-27 पर बमूलिया गांव में जैन तीर्थ के पास रखा गया है। सम्मेलन की तैयारियों के लिए एक निजी होटल में कांग्रेस की बैठक हुई। अन्ता विधायक और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि पंचायतराज संस्थाएं लोकतंत्र की नींव हैं। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना होगा। जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने सम्मेलन को सफल बनाने की बात कही। पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल और करणसिंह राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता का आह्वान किया। संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इसमें शामिल होंगे। बैठक में ब्लॉक, नगर और मंडल अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।