बारां में डोल मेला की पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता रद्द होने पर सनातन अखाड़ा समिति ने नगर परिषद के नए बोर्ड का विरोध किया। समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि बोर्ड ने जानबूझकर अखाड़ों को नुकसान पहुंचाया और राजनीतिक द्वेष के तहत अपमानित किया है। समिति प्रवक्ता योगेश शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन ने कुश्ती आयोजन की जिम्मेदारी सनातन अखाड़ा समिति को दी थी। नगर परिषद अधिकारियों से व्यवस्थाओं पर चर्चा भी चल रही थी, पर बोर्ड ने बिना सूचना यह कार्यक्रम रद्द कर दिया, जो नियम विरुद्ध है। समिति को मेलाध्यक्ष और उपसभापति से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। महामंत्री भुवनेश सोनी ने 2 अक्टूबर को कुश्ती के अलावा अन्य कार्यक्रम न होने देने की चेतावनी दी। प्रशासन ने सुंदरकांड पाठ रखा, जिसका समिति ने स्वागत किया। हालांकि, अशोभनीय कार्यक्रम होने पर विरोध की चेतावनी भी दी गई।