बारां जिले की कृषि उपज मंडियों में इन दिनों मक्का के भाव में जबरदस्त उछाल आया है। एथेनॉल प्लांटों की बढ़ती मांग के कारण मक्का के दाम एमएसपी से ऊपर 2400 से 2500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को बारां मंडी खुलते ही अच्छी खरीद-फरोख्त हुई। किसानों को दिनभर अच्छे दाम मिले। शनिवार को बारां मंडी में मक्का 1690 से 2381 रुपए तक बिकी थी। अटरू मंडी में मक्का के भाव ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2545 रुपए प्रति क्विंटल का स्तर छुआ। व्यापारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार के एथेनॉल ब्लेंडिंग लक्ष्य बढ़ाने से कंपनियां लगातार मक्का खरीद रही हैं, जिससे कीमतों में तेजी बनी हुई है। किसानों का कहना है कि इस बार मक्का की फसल से उन्हें लागत के साथ अच्छा मुनाफा मिल रहा है।