बारां शहर के नटराज गार्डन, उत्तम कॉलोनी इलाके में एक नवजात को झाड़ियों में फेंक दिया गया। देर रात उसके रोने की आवाज सुनकर लोगों को इसकी जानकारी मिली। गौसेवक अमित भार्गव को झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर उन्हें एक नवजात झाड़ियों में पड़ी मिली। अमित भार्गव ने तुरंत शिवाय वेलफेयर के अध्यक्ष प्रशांत विजयवर्गीय और विहिप कार्यकर्ता गौरव शर्मा गजनपुरा को सूचना दी। प्रशांत विजयवर्गीय, समाजसेवी अंशुल व्यास, अमित भार्गव और गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात को झाड़ियों से निकालकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को जानकारी दी। नवजात अभी सुरक्षित है और डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नवजात को फेंकने वाले परिजनों की तलाश कर रही है।