बारां जिले में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आरक्षण प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर बालमुकुन्द असावा ने बताया कि आरक्षण का निर्धारण लॉटरी से होगा। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों - अंता, मांगरोल, बारां, अटरू, शाहबाद, केलवाड़ा, छबड़ा, छीपाबड़ौद, किशनगंज और नाहरगढ़ के लिए यह प्रक्रिया होगी। इसमें पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और सभी पंचायत समितियों के प्रधान पदों का आरक्षण लॉटरी पद्धति से तय किया जाएगा। यह प्रक्रिया राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम 1994 की धारा 15, 16 और पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 5 से 9 के तहत होगी। राज्य सरकार के नए दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। आदेश के अनुसार, जिला परिषद सदस्यों के लिए आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर को निकाली जाएगी। यह लॉटरी जिला परिषद सभागार, मिनी सचिवालय सभागार बारां में होगी। इसी दिन सभी पंचायत समिति सदस्यों और प्रधान पदों का वर्गवार और महिला आरक्षण भी तय किया जाएगा। प्रशासन ने निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला कलेक्टर ने जिला पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि लॉटरी स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाए।