बारां जिले के सारथल थाना क्षेत्र में कलमोदिया चौराहे पर बुधवार को सवारियों से भरी एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 36 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। झालावाड़ अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 10 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से एक गंभीर घायल को अकलेरा रेफर किया गया, जबकि 9 अन्य घायलों को झालावाड़ रेफर किया गया है। लगभग 20 घायलों का इलाज स्थानीय एसआरजी अस्पताल में जारी है। झालावाड़ लाए गए घायलों में मांगी बाई पत्नी प्रभूलाल माली, बंसीलाल पुत्र देवलाल कुशवाहा, अमरलाल पुत्र ग्यारसीलाल, कैलाश बाई पत्नी भंवरलाल, अंजूबाई पत्नी राधेश्याम और राजेश पुत्र भंवरलाल शामिल हैं। धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे हादसे की सूचना मिलते ही सारथल थानाधिकारी आरएस मंडावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी यात्री छीपाबड़ोद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और वे एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। हादसे के बाद घायलों के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे।