बारां शहर में पुलिस ने यातायात नियमों के पालन के लिए एक खास अभियान चलाया। शनिवार को चारमूर्ति चौराहे पर यातायात प्रभारी अब्दुल कलाम की अगुवाई में वाहन सवारों को रोककर नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस ने एक अनोखी पहल की। नियमों का पालन करने वाले लोगों को फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि नियम तोड़ने वालों को प्यार से समझाकर नियमों की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी अब्दुल कलाम ने बताया कि अभियान के तहत नशे में गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करने और जरूरी कागजात साथ नहीं रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन सवारों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।