बारां जिले में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर महा स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के तहत यह विशेष सफाई सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। इस अभियान में सभी सरकारी दफ्तरों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों और सार्वजनिक जगहों पर गहन सफाई की गई। दफ्तरों में सालों से पड़ा बेकार सामान, कबाड़, कचरा और परिसरों में उगी झाड़ियां हटाई गईं। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में सफाई के लिए स्कूल विकास समिति (SDMC) के फंड से मजदूर लगाए। आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़कर उनकी भागीदारी पक्की की गई। जिला परिषद के निर्देश पर ग्राम पंचायतों ने हर गांव में 10 मजदूर लगाकर आबादी इलाकों, सड़कों की सफाई और कचरा हटाया। नगर निकायों ने भी शहरों के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, चौराहों और बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया।