बाड़ी में नगर पालिका चुनाव को लेकर धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बाड़ी का दौरा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतदान तक की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराया जाए। उन्होंने चुनाव से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगी। वहीं 3 सितंबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। हर बूथ पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर और एसपी ने उपखंड अधिकारी अमित वर्मा से नगर पालिका क्षेत्र के कुल वार्ड और मतदान केंद्रों की जानकारी ली। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को प्रक्रिया के दौरान नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। सीएलजी बैठक में शहर की समस्याओं पर चर्चा बैठक के बाद कलेक्टर और एसपी ने कोतवाली थाने में आयोजित सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक में भी हिस्सा लिया। यहां सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखियों और पुलिस मित्रों से शहर की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मतदान से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। धनबल-बाहुबल की सूचना तुरंत देने की अपील एसपी विकास सांगवान ने कहा कि आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को पहले ही पाबंद किया जा चुका है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से चुनाव में धनबल या बाहुबल के इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से भी बिना किसी भय या प्रलोभन के मतदान करने का आह्वान किया, ताकि नगर पालिका में बेहतर बोर्ड का गठन हो सके। ये रहे मौजूद बैठक में एसडीएम अमित वर्मा, तहसीलदार जगबीर सिंह बेनीवाल, नायब तहसीलदार उत्तमचंद बंसल, सीओ महेंद्र कुमार और कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।