बाड़मेर जिले के धनाऊ पुलिस ने जीरा चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चुराई 6 जीरे की बोरियां बरामद की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। दरअसल, भुणिया गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र आसुलाल ने 3 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना धनाऊ में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि रात में भूणिया में मेरा गोदाम है, जिसकी छत के रास्ते से चोर अंदर घुसे और 6 जीरे की बोरियां चुरा कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। धनाऊ थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया- चोरी की घटना के बाद मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। वहीं, तकनीकी और सूचना के आधार पर चोरी की वारदात को ट्रेस आउट कर आरोपी का पता लगाया गया। तीन आरोपी नवाब खान पुत्र गनी, अजीज खान पुत्र मुसा खान, वजादीन खान पुत्र लांगा खान तीनों निवासी भूणिया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल हैदर अली पुत्र अलदाद निवासी सालारिया सेड़वा को बेचना बताया, जिसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में उपयोग स्कॉपियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।