बाड़मेर में पुलिस ने मंगलवार को 7 महीने से फरार 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दो पक्षों में 20 फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष का युवक विवादित प्लॉट से गुजर रहा था। इस बात को लेकर कहासुनी हो गई, दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए थे। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले थे। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई थी। मामला बाड़मेर जिले के गिराब थाना इलाके तुड़बी 19 फरवरी का है। लाठी-डंडे चले थे, 1 की हुई थी मौत पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को बकरियां चराने गए युवक शोभ सिंह उस विवादित भूखंड के अंदर पहुंच गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के रायसिंह पुत्र नेतसिह और शैतान सिंह पुत्र बिजराज सिंह ने हमला कर दिया। लाठी-भाटा जंग में दोनों परिवारों की गंभीर चोटें आई। इसमें मोहन सिंह पुत्र रायसिंह के सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने 20 फरवरी को मामला दर्ज किया। 7 महीने से फरार थे दोनों आरोपी एसपी चूनाराम जाट ने बताया- गिराब थाना इलाके में दर्ज मर्डर मामले में 7 माह से आरोपी हाथी सिंह (25) पुत्र उगम सिंह निवासी तुड़बी जिला बाड़मेर फरार चल रहा था। इस पर 5 हजार का इनाम घोषित किया गया। गिराब थानाधिकारी आदेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने इनामी आरोपी हाथीसिंह को डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस ने मर्डर मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई में कांस्टेबल बालाराम और नेपाल सिंह शामिल रहे।