बाड़मेर की बायतु पुलिस ने पैरोल से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी मौसी के घर छुपा हुआ था। पुलिस को देखते ही वह पैदल रेतीले धोरों की तरफ भाग निकला। पुलिस टीम ने करीब 3 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ बाड़मेर समेत जोधपुर, पाली, प्रतापगढ़ और नागौर में 9 मामले दर्ज हैं। एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर वांटेड आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन और डीएसपी डॉ. दीपेंद्र सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। मौसी के घर होने की सूचना मिली, पुलिस पहुंची तो धोरों में भागा पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि समदड़ी थाने के एनडीपीएस मामले में पैरोल से फरार और बायतु थाने का हिस्ट्रीशीटर गजेंद्र बेनीवाल उर्फ गजनी पुत्र लुंभाराम निवासी बेनीवालों की ढाणी, एनडीकेडी बायतु, भोजासर गांव में अपनी मौसी के घर छुपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भोजासर गांव में दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी पैदल ही रेतीले धोरों की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया और करीब 3 किलोमीटर तक दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 9 मामले दर्ज पुलिस के अनुसार गजेंद्र बेनीवाल उर्फ गजनी बायतु थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसे पुलिस आले दर्जे का बदमाश और मादक पदार्थ तस्कर बता रही है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 9 मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ सदर थाने में 2, बायतु थाने में 1, नागौर सदर थाने में 2, जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में 2, पाली के रोहिट थाने में 1 और प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी थाने में 1 मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल हुकमाराम, नवलाराम और महिला कॉन्स्टेबल मांगी शामिल रहीं।