भरतपुर के बयाना में सिलिका पत्थर की लीज तक जाने के रास्ते को लेकर पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना और भौंडा गांव के लोगों के बीच करीब 2 साल से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच 11 अक्टूबर को करीब 80 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर घायल अतर सिंह की जयपुर के SMS हॉस्पिटल में रात 11:30 बजे मौत हो गई। अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ने 31 नामजद सहित 80 लोगों पर FIR दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया है कि अतर सिंह भड़ाना के बेहोश होने तक हमलावर उन्हें लाठियों से मारते रहे। इसके अलावा उन्होंने सभी लोगों को जिंदा जलाने की भी कोशिश की थी। इससे पहले 25 सितंबर को भी सभी लोगों ने लीज पर हमला किया था। घायल सिक्योरिटी गार्ड गगन सिंह ने बताया- लीज स्थित मेस में खाना बना रहे थे। इस दौरान अचानक लाइट कटने के बाद लोगों ने हमला कर दिया। चोट लगने से बेहोश होने के बाद क्या हुआ कुछ पता नहीं। ग्रामीण लीज तक आने-जाने के लिए चारागाह की जमीन के उपयोग का विरोध कर रहे थे। घटना से पहले रविवार शाम को धरना स्थल पर विवाद हुआ था। इस मामले में पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन हुए और लीज पर काम भी बंद करना पड़ा। सांसद भजन लाल जाटव भी लीज पर अवैध खनन और चारागाह जमीन पर कब्जे की शिकायत कर चुके थे। वहीं, करीब 8 महीने पहले उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना पर भी फायरिंग के आरोप में FIR दर्ज हुई थी। मौके से पकड़े गए दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। पहले देखें … घटना से जुड़ीं ये तस्वीरें 1997 से चल रही है लीज जानकारी के अनुसार, भौंडा गांव में 124 हेक्टेयर की एक लीज मेसर्स सुभाष चंद, मुकेश चंद के नाम से है। पूर्व विधायक ने वह लीज अपनी पत्नी कमलेश भड़ाना के नाम से ले रखी थी। जिसमें से सिलिका पत्थर निकलता है। साल 1997 से यह लीज पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना ही चला रहे थे लेकिन, काफी लंबे समय से लीज के रास्ते को लेकर उनका विवाद गांव के लोगों से चल रहा था। चरागाह की जमीन को लेकर था झगड़ा ग्रामीणों का कहना था कि लीज पर जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। इसलिए लीज पर आने जाने वाले सभी वाहन चारागाह की जमीन पर होकर निकलते थे। जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे। कई बार ग्रामीण धरना भी दे चुके थे। सांसद भी पूर्व विधायक की कर चुके हैं शिकायत सांसद भजन लाल जाटव भी 17 फरवरी 2025 को पूर्व विधायक की लीज पर अवैध खनन की शिकायत को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दे चुके थे। साथ ही सांसद ने पूर्व विधायक पर चारागाह की जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया था। इस दौरान लोगों ने करीब 20 दिन तक धरना दिया था। आरोप था कि ब्लास्टिंग से लोगों को परेशानी हो रही है। पशु चाराने वाले लोग उछलकर आने वालों पत्थरों से घायल हो जाते हैं। सांसद भजन लाल जाटव मौके पर पहुंचे थे। मामले की शिकायत के बाद लोगों ने प्रदर्शन खत्म हुआ था। पूर्व विधायक की पत्नी पर दर्ज है FIR भौंडा गांव के रहने वाले चंदराम ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना पर कर्मचारियों के साथ हमला करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया था। 1 फरवरी को इसकी वैर थाने में FIR भी दर्ज करवाई गई थी। चंदराम ने आरोप लगाया था कि पशु चराने के दौरान उस पर अचानक हमला कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दो आरोपियों का पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। कई बार लीज पर काम हो चुका है बंद ग्रामीण पूर्व विधायक पर अवैध खनन करने का भी आरोप लगाते रहे हैं लेकिन, पूर्व विधायक हमेशा से ही नियमानुसार काम करने की बात कहते रहे। कई बार धरना और प्रदर्शन के चलते पूर्व विधायक की लीज का काम भी बंद हुआ था। बेटा सुप्रीम कोर्ट का वकील, बेटी IAS पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के एक बेटा और चार बेटियां हैं। उनका बेटा अर्जुन सिंह भड़ाना सुप्रीम कोर्ट में वकील है। वहीं, उनकी सबसे छोटी बेटी किरन भड़ाना IAS हैं। वे हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति में उपायुक्त (कानून एवं सुरक्षा) के पद पर कार्यरत हैं। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2017 बैच की अधिकारी हैं। उनकी अन्य तीन बेटियों में से एक चिकित्सक हैं, जबकि दो गृहिणी हैं। घटना कल शाम 7 बजे की है पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश ने FIR दर्ज करवाते हुए बताया कि मैं मैसर्स सुभाष चन्द, मुकेश चन्द खनन पट्टा संख्या 3/93 भौडा गांव वैर में पार्टनर हूं। कल शाम करीब 7 बजे मैं अपने पति अतर सिंह भडाना के साथ खान क्षेत्र में बने अपने आवास पर थी। हमारे साथ लीज के कर्मचारी पूरन सिंह, गगन, प्रदीप और कुछ अन्य लोग भी बैठे थे। 80 लोगों ने किया हमला तभी अचानक भौडा गांव के रहने वाले मुकेश, राजवीर, जगत, बाबू, बनवारी, भागमल, दुल्या, पुष्कर, कपिल, विष्णु, हेमसिंह, गौरव, कौशल, अवतार, जितेन्द्र, शिव सिंह, संजय, राधा किशन, नाहर सिंह, हंसा, प्रकाश , लाखन, ओम राज, राम प्रवेश, रमेश, लाला, बृजबिहारी, हरकेश, केहरी, लाखन, बलराम सहित करीब 80 लोग लीज पर आये। पूर्व विधायक पर लाठियों से किया हमला सभी लोगों के पास लाठी डंडे और धारदार हथियार थे। आते ही उन्होंने फायरिंग करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना को पकड़ लिया। अतर सिंह भड़ाना पर हमलावरों ने लाठी सरियों से सिर, हाथ, पैर, पीठ पर हमला करना शुरू कर दिया। जिससे पूर्व विधायक एक सिर से खून निकलने लगा। ऑफिस और कमरों में की तोड़फोड़ जब तक पूर्व विधायक बेहोश नहीं हुए तब तक हमलावर उन्हें मारते रहे। अतर सिंह बचाने के लिए आये गगन, पूरन सिंह, प्रदीप और सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पूर्व विधायक और उनके कर्मचारियों को ज़िंदा जलाने के लिए ऑफिस और कमरों में आग लगा दी। साथ ही थ्रेसर की मशीनों में भी तोड़फोड़ की थी। कमलेश भड़ाना ने पहचाने कई हमलावर कुछ लोगों को कमलेश भड़ाना ने पहचान लिया। हमला करने वालों में बलदेव, सिया, महेन्द्र, रविन्द्र, गब्बर, दानवीर, भागमल, योगेश, पप्पी, राजु, जितेन्द्र, देवेन्द्र, बबली, डिग्गो, शिवनरेश, हरिओम, नरेश, कुन्ज बिहारी पुत्र बृजेश, जल सिंह, लाला राम, जतन, हरनाम सहित करीब 40 लोग थे। वह सभी कह रहे थे कि सभी को जान से मार दो कोई बच नहीं पाए। 25 सितंबर को भी की थी तोड़फोड़ कमलेश भड़ाना ने जब अपने पति को बचाने की कोशिश की तो, हमलावरों ने उन्हें धक्का मारा और, मारपीट करना शुरू कर दिया। हमले में कमलेश के शरीर पर भी चोट आई है। इससे पहले पहले भी यह लोग 25 सितंबर 2026 को क्रेशर में घुस गए थे और, कर्मचारियों से मारपीट कर क्रेशर में तोड़फोड़ कर फरार हो गए थे। 27 सितंबर को इसकी शिकायत वैर थाने पर दर्ज करवाई गई थी। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … BJP के पूर्व विधायक की पत्नी पर FIR:लीज विवाद में हमला व फायरिंग का आरोप, MLA बोले-ग्रामीण अवैध वसूली का दबाव बनाते हैं भरतपुर जिले के वैर थाने में शनिवार को बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ें