ब्यावर में विद्यानगर में सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के पास एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से चल रहे टेंट हाउस में सोमवार आधी रात को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से टेंट हाउस का सारा सामान जलकर खाक हो गया। इसी मकान में एक अवैध लाइब्रेरी भी चल रही थी, जहां हर दिन सैकड़ों छात्र पढ़ने आते थे। गनीमत रही कि यह घटना देर रात हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार देर रात टेंट हाउस और लाइब्रेरी से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने टेंट संचालक को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही आग बुझाने की कोशिशें शुरू हुईं। देखते ही देखते आग ने टेंट हाउस में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। रिहायशी मकान में अवैध लाइब्रेरी भी चल रही स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रिहायशी मकान में बिना कॉमर्शियल उपयोग की मंजूरी के टेंट हाउस और लाइब्रेरी जैसी व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। इलाके में लंबे समय से रिहायशी मकानों के व्यावसायिक उपयोग को लेकर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के अधिकारियों की अनदेखी के कारण रिहायशी क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियां बिना रोक-टोक चल रही हैं। लोगों का कहना है कि अगर यह आग दिन के समय लगती और लाइब्रेरी में छात्र मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने रिहायशी क्षेत्रों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि टेंट हाउस और लाइब्रेरी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। मौके पर पानी की पाइपलाइन, फायर सिलेंडर और बजरी जैसी जरूरी चीजें नहीं थीं। ऐसे में आग पर तुरंत काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी।