नवरात्रि के अवसर पर भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा, ब्यावर की ओर से दयानंद आर्य बालिका कॉलेज में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत कन्या पूजन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में नौ बालिकाओं के चरण धोकर पूजन किया गया और उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने बालिकाओं को निर्भीक, आत्मविश्वासी और जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं, भ्रूण हत्या के खिलाफ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। समारोह में बालिका शिक्षा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं के योगदान को भी सम्मानित किया गया। निर्भीक बनें बालिकाएं, अधिकारों के प्रति रहें जागरूक मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने कहा कि लड़कियों को डरकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि निर्भीक और आत्मविश्वासी बनकर अपने अधिकारों का पूरा इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और जागरूक रहने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि महिला शक्ति को समर्पित पर्व है। आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। नौ कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद समारोह में नौ बालिकाओं के चरण धोकर विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। शाखा सदस्यों ने बालिकाओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया और उपहार भेंट किए। महिला संयोजिका रेखा जैन ने बालिका शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग भी दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। हजारों बालिकाओं को लाठी संचालन सिखाने पर अभय धूत सम्मानित कॉलेज सचिव अभय धूत को हजारों बालिकाओं को निःशुल्क लाठी संचालन सिखाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा की ओर से सम्मानित किया गया। अभय धूत ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना भी आवश्यक है। इससे उनमें साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग करने का आह्वान किया। भ्रूण हत्या के खिलाफ नाटक, वीरांगना बनी बालिकाओं का सम्मान कार्यक्रम में शाखा सदस्य श्रुति, प्रीती, शिल्पा और निधि सिंघल ने भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए आकर्षक नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से बालिकाओं के महत्व और उन्हें समान अवसर देने का संदेश दिया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखा सदस्यों की बालिकाओं का भी सम्मान किया गया। वहीं, वीरांगना बनी चार बालिकाओं को सम्मानित कर उनके साहस और उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया। स्वाति अग्रवाल ने किया स्वागत, रेखा जैन ने संभाला संचालन कार्यक्रम संयोजक स्वाति अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि महिला संयोजिका रेखा जैन ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष बच्छराज अग्रवाल, सचिव राकेश सिंघल, कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, प्रवीण जैन, कपिल कोठारी, वर्षा तापड़िया, हरीश सांखला, स्वाति राठी, नंद कुमार डागा, शशि अग्रवाल सहित शाखा के अन्य सदस्य, कॉलेज के गुरुजन और छात्राएं मौजूद रहीं।