बेटी की लव मैरिज से नाराज परिजनों ने बेंगलुरु से उसे किडनैप कर लिया। कार में डालकर राजस्थान लाने लगे। यह देख लड़की के पति ने शोर मचा दिया। भीड़ ने कार को घेर लिया तो आरोपियों ने बाजार में कार दौड़ा दी। सड़क पर खड़े 6 लोगों को कुचल दिया। जज की कार समेत 20 वाहनों को टक्कर मार दी। लोगों ने बाद में कार को घेरकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। कार की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका ICU में इलाज चल रहा है। मामला बेंगलुरु के विजयनगर थाना क्षेत्र के अग्रहारा दासरहल्ली इलाके का बुधवार रात 8 बजे का है। आरोपी राजस्थान के सोजत रोड के रहने वाले हैं। विजयनगर पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल राजस्थान नंबर की कार का ड्राइवर सद्दाम फरार है। अन्य आरोपियों में राजस्थान निवासी राकेश (31), करण (25) और अयान (18) शामिल हैं। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस बोलीं- 8 महीने पहले रिपोर्ट क्लोज कर चुके मामले में सोजत रोड थाना प्रभारी कमला लोहार ने कहा- युवती के परिजनों ने 8-9 महीने पहले थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बाद में लड़का-लड़की दोनों पेश हुए थे। लड़की ने लड़के के साथ जाने की इच्छा जाहिर की थी। लड़की बालिग थी, ऐसे में उसे उसकी इच्छानुसार भेज दिया गया। हमारे यहां से मिसिंग रिपोर्ट का निस्तारण हो चुका है। भीड़ में दौड़ाई, 20 वाहनों से टकराई कार जानकारी के अनुसार, 21 साल की बेटी की लव मैरिज से परिवार नाराज था। परिजनों को सूचना मिली कि युवती बेंगलुरु में है। इसके बाद कार में सवार होकर परिजन बेंगलुरु पहुंच गए। यहां से युवती को किडनैप कर लिया। युवती के पति ने शोर मचाया तो आरोपियों ने कार तेज रफ्तार से दौड़ा दी। इस दौरान कार करीब 20 वाहनों से टकराई। जिसमें हाईकोर्ट के जज की कार भी थी। 6 घायल, एक की हालत गंभीर आरोपियों ने कार से भागते समय बाजार में सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। जिससे 6 लोग पृथ्वीराज (12), यशिका (9), अमूल (35), मणि (64), जयलक्ष्मी (57) और संतोष (33) घायल हो गए। जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगने से उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। विजय नगर पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है।