परिवार की मर्जी के खिलाफ 8-9 महीने पहले लव मैरिज करने वाली 21 साल की लड़की को उसके परिवार ने बेंगलुरु के अग्रहारा दसराहल्ली से बुधवार शाम को किडनैप करा लिया। इसके फुटेज और वीडियो आज सामने आए। परिवार ने 4 किडनैपर राजस्थान से भेजे थे। वे लड़की के घर पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठाकर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो आरोपियों की कार ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए। लड़की राजस्थान की रहने वाली है। उसने करीब 8-9 महीने पहले राजस्थान के ही रहने वाले ओम प्रकाश से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आकर रहने लगे थे। घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें… 16 सितंबर को 4 लोग लड़की के घर आए थे पूजा के परिवार ने 16 सितंबर की शाम उसे वापस ले जाने के लिए 4 लोगों को भेजा था। बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक, चारों अग्रहारा दसरहल्ली स्थित पूजा और ओम प्रकाश के घर पहुंचे। उन्होंने जबरन पूजा को घर से बाहर निकाला और ह्यूंडई वेन्यू कार में बैठाकर ले गए। आरोपी कार से भागते समय 6 लोगों को टक्कर मार दी। घायलों की पहचान पृथ्वीराज, यशिका, अमुल, मणि, जयलक्ष्मी और संतोष के रूप में हुई है। जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आई हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया पूजा के किडनैप होने के बाद स्थानीय लोगों ने कार का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की। आखिरकार होसाहल्ली के पास कार को रोक लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार पर पत्थर भी फेंके। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए और कार रोकने की कोशिश करने वालों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हालांकि, पुलिस के मुताबिक अब तक 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। 3 आरोपी गिरफ्तार, ड्राइवर फरार पुलिस ने पूजा को ले जाने वाले चार लोगों की पहचान सद्दाम, राकेश, करण और अयान के रूप में की है। इनमें कार चला रहा सद्दाम फरार है, जबकि तीनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। पूजा को सुरक्षित पुलिस के पास लाया गया। विजयनगर थाने में पूजा और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। ---------------- ये खबर भी पढ़ें… बेलगावी में फ्रिज फटा, 4 महिलाओं की मौत:शॉर्ट सर्किट से ब्लास्ट की आशंका; घर में लगी आग से दो झुलसे कर्नाटक के बेलगावी में एक घर में फ्रिज फटने के बाद आग लग गई। हादसे में परिवार की चार महिलाओं की मौत हो गई। घटना चवत गली में सुबह करीब 2:30 बजे हुई। पूरी खबर पढ़ें…