भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर सूरवाल स्थित श्री राधा गोपालजी मंदिर में शुक्रवार को कलशयात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर और कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गाजे-बाजे और भजनों के साथ निकली कलशयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग में भगवान के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। कलशयात्रा की शुरुआत सत्यनारायणजी मंदिर स्थित कुएं से पूजा-अर्चना के बाद हुई। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए श्री राधा गोपालजी मंदिर पहुंची। कलशयात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के जयकारे लगा रहे थे। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। कथा वाचक आचार्य प्रभुदासजी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ का श्रवण मात्र नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करती है।