भरतपुर में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर सेवर तिराहे के पास शुक्रवार को करीब ढाई घंटे से लंबा जाम लगा हुआ है। जाम के कारण हाईवे पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गईं। सड़क पर वाहनों की रफ्तार थमने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे के जयपुर जाने वाले रूट पर सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। ड्राइवरों का आरोप है कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले वाहनों के आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। जाम में एंबुलेंस भी फंसी जाम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। नेशनल हाईवे के कारण भारी वाहनों समेत एम्बुलेंस की भी आवाजाही इसी मार्ग से होती है, जिसके कारण कई एम्बुलेंस भी जाम में गई। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर लगातार यातायात को सुचारू कराने और वाहनों को जाम से निकालने का प्रयास कर रही है। तीन घंटे से जाम लगा जाम में फंसे राहगीरों का कहना है कि कई वाहन चालक पिछले करीब तीन घंटे से सड़क पर फंसे हुए हैं। तेज धूप और गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लंबे समय से वाहन खड़े रहने के कारण कई वाहनों में ईंधन भी खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। NHAI अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन वाहन चालकों ने सड़क मरम्मत के दौरान यातायात के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। मामले को लेकर NHAI के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस जाम खुलवाने में जुटी हुई है और हाईवे पर यातायात सामान्य कराने के प्रयास जारी हैं।