भरतपुर के रूपवास इलाके के गांव नगला समाहद में ग्रामीणों ने सड़क को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के रास्ते में कीचड़ जमा हुई है। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। कई बार अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई लेकिन, उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की है। इसी को लेकर ये धरना प्रदर्शन किया गया है और ग्रामीणों का कहना है कि जल्दी बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। बुलडोजर की मदद से निकाले जाते हैं वाहन ग्रामीण प्रेम चंद ने बताया- पूरे गांव के रास्ते खराब पड़े हुए हैं। रास्तों पर कीचड़ जमा है और पानी भरा हुआ है। जिसके कारण लोग निकल नहीं पा रहे। साथ ही ग्रामीणों के वाहन भी सड़क पर जमा कीचड़ में फंस जाते हैं। वाहनों को बुलडोजर की मदद से निकाला जाता है। इसके अलावा दुपहिया चालकों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कई लोगों के चोटें लग चुकी हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। इसके साथ ही मरीजों को भी अस्पताल ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बड़ा आंदोलन करने की दी चेतावनी लोगों का कहाना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इसकी शिकायत की गई। उसके बाद भी उन्होंने कोई सुनवाई नहीं कि इसलिए अब ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं। जिससे गांव रास्ते ठीक हो सकें।