भरतपुर में स्कूटी तेज चलाने पर टोका तो तीन युवकों ने मिलकर भतीजे को स्कूल से लेकर लौट रहे चाचा पर हमला कर दिया। धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और कड़े से सिर में वार किए। युवक को नीचे गिराकर लात-घूंसे मारे। स्कूल से लौट रहा मासूम भी पहले तो खड़ा देखता रहा इसके बाद घर की ओर परिजनों को बुलाने दौड़ पड़ा। इसका एक वीडियो मंगलवार सुबह सामने आया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसने 22 अगस्त को ही FIR करवा दी थी इसके बावजूद भी पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। मामला शहर के कोतवाली थाना इलाके की कमला रोड का है। पीड़ित चेहरे पर चोट आई है। मामले की जांच कर रहे हेड कॉन्स्टेबल भागीरथ ने बताया- 21 अगस्त की शाम को कपिल गर्ग निवासी कमला रोड ने FIR दी थी। इस मामले में राहुल, आवेश और कौशल के नाम मारपीट की रिपोर्ट दी थी। कपिल का मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद हमला करने वाले युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है। अब देखिए हमले की तस्वीरें… भतीजे को लेकर लौट रहा था कपिल गर्ग निवासी कमला रोड़ ने FIR दर्ज करवाते हुए बताया- 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे मैं अपने भतीजे को स्कूल से लेकर आ रहा था। मेरे घर से करीब 50 मीटर दूर तीन युवक राहुल, आवेश और कौशल सामने से तेज स्पीड में स्कूटी लेकर आए। इसके बाद उन्होंने मेरी स्कूटी को टक्कर मार दी। FIR में युवक ने बताया- मैंने तीनों युवकों से कहा कि स्कूटी धीरे चलाओ। इतने में तीनों लड़ने आ गए। आरोपियों में राहुल नाम के युवक ने चेहरे पर कड़े से तीन बार वार किया। इससे चेहरे, सिर और कंधे पर चोट आई। मारपीट के दौरान तीनों युवकों ने जेब में रखे 8300 रुपए भी छीन लिए।