हैदराबाद के एक होटल में 27 साल की पोस्टग्रेजुएट मेडिकल स्टूडेंट की सड़ी हुई लाश मिली। उसके साथ आया दोस्त फरार है। पुलिस में दर्ज शिकायत में महिला के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। शिकायत के आधार पर मियापुर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। संगारेड्डी जिले की रहने वाली यह महिला हनमकोंडा के एक मेडिकल कॉलेज से पोस्टग्रेजुएट कोर्स कर रही थी। जब परिवार वाले उससे संपर्क नहीं कर पाए, तो वे हनमकोंडा गए और पुलिस से संपर्क किया, जिन्होंने उसके मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाकर उसे यहां के एक होटल में पाया। जांच में पता चला कि महिला 30 सितंबर को होटल में अपने दोस्त से मिली थी, जिसने उसे सोने की चेन लौटाने के लिए वहां बुलाया था। 1 अक्टूबर को होटल के कमरे से चेक-आउट कर गया और तब से फरार है; उसकी तलाश जारी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब यूनिट का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। लेटर जारी करते हुए कहा कि पार्टी राजा वड़िंग के योगदान की सराहना करती है। पढ़ें पूरी खबर… महाराष्ट्र फूड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने पुणे में सिप्ला का दवा लाइसेंस रद्द किया, आराेप- नियमों का उल्लंघन हो रहा था महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने शुक्रवार को कहा कि नियमों के कथित उल्लंघन का पता चलने के बाद उसने पुणे के वाडकी में सिप्ला फार्मा एंड लाइफ साइंसेज लिमिटेड के 'कैरी एंड फॉरवर्ड' (CF) गोदाम का दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द कर दिया है। FDA ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए नई कार्यवाही पूरी होने के बाद की गई। महाराष्ट्र सरकार ने MPSC सचिव की डेप्युटेशन खत्म की; सरकार बोली- तबादला होगा, कामकाज की जांच की जाएगी महाराष्ट्र सरकार ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के सचिव के तौर पर महेंद्र उत्तमराव हरपालकर की डेप्युटेशन (प्रतिनियुक्ति) खत्म कर दी है। यह कदम MPSC की परीक्षाओं में पेपर लीक होने और गड़बड़ियों के आरोपों के बीच उठाया गया है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग के एक आदेश में कहा गया है कि सचिव स्तर के अधिकारी हरपालकर को दो साल के लिए डेप्युटेशन पर MPSC के पद पर नियुक्त किया गया था। 1 अक्टूबर के आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों से राज्यपाल के निर्देशों के अनुसार उनकी डेप्युटेशन खत्म कर दी गई है और उनकी नई पोस्टिंग के बारे में अलग से आदेश जारी किया जाएगा। आदेश में हरपालकर को यह भी निर्देश दिया गया कि वे आयोग की सहमति से MPSC सचिव का पद तुरंत किसी दूसरे अधिकारी को सौंप दें। राज्य सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद MPSC सचिव का तबादला किया जाएगा और आयोग के कामकाज की न्यायिक जांच कराई जाएगी। तिहाड़ जेल में गैंगस्टरों का हंगामा, नवीन बाली-धिल्लू ने अफसरों को धमकाया, खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश तिहाड़ की सेंट्रल जेल नंबर-2 के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद गैंगस्टर नवीन बाली और संदीप उर्फ धिल्लू ने कथित तौर पर जेल अधिकारियों से बदसलूकी और मारपीट की कोशिश की। दोनों ने जेल स्टाफ और अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और जान से मारने की बात कही। घटना सितंबर के आखिरी हफ्ते की बताई जा रही है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, धिल्लू परिवार से ई-मुलाकात के दौरान अचानक आक्रामक हो गया। उसने जेल स्टाफ को गालियां दीं और उन पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपना सिर दरवाजे, दीवार और कूलर से बार-बार मारना शुरू कर दिया। मामले को सुरक्षा से जुड़ा मानकर अधिकारियों की ओर से दोनों कैदियों के व्यवहार, धमकियों और खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। हावड़ा स्टेशन पर 44 लाख रुपए कैश के साथ पकड़ा गया यात्री पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को 44 लाख रुपए कैश के साथ हिरासत में लिया गया। यात्री की पहचान रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह शिप्रा एक्सप्रेस (22911 DN) से विदिशा से हावड़ा पहुंचा था। पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह इस पैसे से सोना खरीदने के लिए जा रहा था। रेलवे पुलिस ने नकदी और यात्री को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया है। आयकर विभाग अब पैसों के स्रोत और उनके इस्तेमाल की जांच कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट बोला- ई-चालान नहीं भरा तो वाहन जब्त करें, ऑनलाइन सेवाएं रोकें ट्रैफिक चालान नहीं भरने वालों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि बकाया ई-चालान वाले वाहनों की रैंडम जांच की जाए और चालान नहीं भरा मिलने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहनों की ऑनलाइन सेवाएं भी रोक दी जाएंगी। बकाया चालान चुकाने तक रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण, डुप्लीकेट आरसी, पता अपडेट और वाहन का मालिकाना हक ट्रांसफर नहीं हो सकेगा। वाहन को परिवहन पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। फिटनेस और पीयूसी सर्टिफिकेट भी जारी नहीं होगा।