भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर एक युवक ने खुद पर केरोसिन डाल कर आग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान डीएसबी के जवानों ने उससे केन और लाइटर छीन लिया। इसके बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की तो युवक ने बताया- एक व्यक्ति ने उससे 8 लाख रुपए ले रखे हैं। अब वह न तो प्लॉट दे रहा है और न रुपए। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाला एक युवक किशन भाट आज दोपहर में एसपी को शिकायत करने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर पहुंचा। इस युवक के पास केरोसिन की एक केन थी, इसने कलेक्टर परिसर के बाहर खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। इसी बीच डीएसबी और पुलिस के जवानों ने उसे पकड़ लिया। केरोसिन का केन छीन लिया। किशन को भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के सामने पेश किया जहां उसने आपबीती बताई। दावा: 8 लाख देकर प्लॉट लिया था किशन ने बताया- उसने गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले रामलाल को करीब 2 साल पहले 8 लाख रुपए देकर अपने घर के पास एक प्लॉट खरीदा था। अब ये रामलाल ना तो उसे उसका प्लॉट दे रहा है और ना 8 लाख लौटा रहा है। किशन का आरोप है कि पुलिस भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस बोली डॉक्युमेंट्स मांगने पर टालमटोल करता है गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कसोटिया ने बताया कि युवक किशन भाट ने एक जमीन के मामले में रिपोर्ट दी हुई है। इस मामले कि जांच के लिए पीड़ित को प्रॉपर्टी संबंधित डॉक्यूमेंट और गवाह लाने की बात कही और कई बार थाने बुलाया लेकिन वो हर बार टालमटोल करता रहा। उसे बयान देने के लिए भी बुलाया लेकिन वो बयान देने नहीं आया। उससे रुपए के लेनदेन और प्रॉपर्टी से संबंधित डॉक्यूमेंट मांगे गए लेकिन वो कोई भी डॉक्यूमेंट पेश नहीं करना चाह रहा है। आज उसने पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की और खुद पर केरोसिन डालने का काम किया जो सरासर गलत है। इसके चलते इस युवक को हिरासत में लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।