भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल परिसर में मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में रोगियों के परिजनों को रात्रि विश्राम की सुविधा भी मिल सकेगी। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज की ओर से परिसर में 'हरि शेवा छाया’ में रात्रि विश्राम व्यवस्था की शुरुआत की गई। 100 बिस्तरों का संपूर्ण सेट भेंट हरि शेवा धर्मशाला की ओर से बिस्तर सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इनमें 100 गद्दे, 100 गर्म कम्बल, कवर सहित 100 तकिए, 100 स्वच्छ चद्दरें, एक फोटोकॉपी मशीन, एक लकड़ी का तख्त भेंट किया गया। इस व्यवस्था से हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को अब फर्श या प्रांगण में नहीं सोना पड़ेगा। वे सम्मानपूर्वक और सुरक्षित वातावरण में रात बिता सकेंगे। कार्यक्रम में संत-महात्मा भी हुए शामिल इस मौके पर हरि शेवा उदासीन आश्रम से आए संत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संत मायाराम, संत गोविंदराम एवं बालक मिहिर उपस्थित रहे। संतों ने इस सेवा को प्रभु सेवा का अनुपम स्वरूप बताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में हॉस्पिटल पहुंचे असहाय लोगों को आश्रय देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इनकी रही मौजूदगी इस मौके पर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक के संघ चालक चांदमल सोमानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदनानी, उपाध्यक्ष रमेश खोतानी, कोषाध्यक्ष अनिल झामनानी, सासंद प्रवक्ता विनोद झूरानी, धर्मशाला के सचिव हेमंत वच्छानी, प्राचार्य श्याम लाल सांगावात, ईश्वर लाल आसनानी, अम्बालाल नानकानी, पल्लवी वच्छानी आदि उपस्थित रहे।