अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सितंबर में प्रस्तावित चुनाव को लेकर सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना चुनावी विजन और भावी कार्ययोजना शेयर की। काबरा ने कहा कि पिछले 15 सालों में समाज के लिए काम हुए हैं, लेकिन समाज की अपेक्षा के अनुरूप विकास की गति और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि उनका बोर्ड बनता है तो हर माहेश्वरी परिवार को रोजगार से जोड़ने और उसकी मासिक आय कम से कम 30 हजार रुपए करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर परिवार को अपना घर उपलब्ध हो, इसके लिए भी योजना बनाकर काम किया जाएगा। समाज की घटती आबादी को रोकने के उद्देश्य से जरूरतमंद परिवार में तीसरी संतान होने पर उसकी शिक्षा का पूरा खर्च महासभा द्वारा उठाने की योजना है। राष्ट्रीय महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने कहा कि बुलेट ट्रेन के दौर में समाज को भी विकास की गति तेज करनी होगी। समाज के हर परिवार तक पहुंचकर उनकी भावनाओं के अनुरूप कार्य करना उनका लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव किसी व्यक्ति या समूह के खिलाफ नहीं, बल्कि सालों से चली आ रही व्यवस्थागत कमियों को मुद्दा बनाकर लड़ा जा रहा है। इस मौके पर अर्थमंत्री पद के प्रत्याशी प्रवीण लक्ष्मीनारायण सोमानी, संगठन मंत्री पद के प्रत्याशी बाबूलालजी मोहता और उपसभापति (पश्चिमांचल) पद के प्रत्याशी राकेशकुमार जाजू मौजूद रहे।