नगर निकाय चुनाव को लेकर भीलवाड़ा के नगर निगम के 70 वार्डों के लिए गुरुवार से जिला कलेक्टर कार्यालय में नामांकन भरना शुरू हो चुका है। नॉमिनेशन के लिए दोनों ही प्रमुख दल के नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। टिकट वितरण पर मंथन जारी हालांकि दोनों ही पार्टियों द्वारा किसी भी व्यक्ति को अधिकृत सिंबल नहीं दिया गया है, लेकिन इन्हें उम्मीद है कि पार्टी इन्हे टिकट देगी। इनका कहना है कि यदि पार्टी इन्हे टिकट नहीं देती है तो भी वे तन मन से पार्टी के साथ है। कलेक्ट्रेट में तीन कमरों में 70 वार्डों के फार्म जमा होंगे भीलवाड़ा जिला कलेक्टर कार्यालय में नगर निगम के 70 वार्डों के नामांकन के लिए तीन अलग अलग कक्ष बनाए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से वार्ड संख्या 30 के लिए कमरा नंबर 5, वार्ड संख्या 31 से वार्ड संख्या 50 के लिए कमरा नंबर 34 और वार्ड संख्या 51 से वार्ड संख्या 70 के लिए कमरा नंबर 55 में नॉमिनेशन फॉर्म लिए जा रहे हैं। सुबह 10:30 बजने के साथ ही नॉमिनेशन का कार्य शुरू हुआ। कांग्रेस और भाजपा से भरे नामांकन करीब 11:30 बजे के बाद पहला नामांकन वार्ड नंबर 70 से कांग्रेस नेता ने जमा कराया। इसके बाद वार्ड नंबर 40 और वार्ड नंबर 48 से भी नेताओं ने नॉमिनेशन दाखिल किए है। इसके साथ ही कुछ और निर्दलीय प्रत्याशी भी फार्म जमा करने पहुंचे है। कुछ दावेदारों की कागजी खानापूर्ति नहीं होने के चलते उन्हें बिना फार्म भरे हुए भी लौटना पड़ा। पुलिस प्रशासन की व्यवस्था माकूल नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन की माकूल व्यवस्था जिला कलेक्टर कार्यालय में है। नेताओं के साथ आने वाले समर्थकों को जिला कलेक्टर गेट के बाहर ही रोका जा रहा है। एक नेता के साथ चार लोगों को कलेक्ट्री के भीतर जाने की अनुमति दी गई है। दोपहर 3 बजे तक नामांकन जारी रहेगा।