भीलवाड़ा में आज शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। सुबह से ही प्रमुख माताजी के मंदिरों में दर्शनार्थियों की लाइन लगी रहीं। घर और मंदिरों में विधि-विधान से घट स्थापना कर माता रानी की आराधना शुरू हुई। शक्तिपीठों में गूंजते मातारानी के जयकारों और शाम को होने वाले गरबा डांडिया आयोजनों की तैयारियों का माहौल रहा। शक्तिपीठों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के प्रमुख शक्तिपीठ चावंड़ा माता, घाटरानी माता, कालिका माता, बांक्या रानी और भरका देवी सहित प्रमुख मंदिरों में आज सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिरों के पट खुलते ही 'जय माता दी' के जयकारे गूंज उठे। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी के साथ मंदिरों में सुबह से आरती, हवन-पूजन और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। विधि-विधान से हुई घट स्थापना भीलवाड़ा से पास के चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध जोगणिया माता मंदिर और कालिका माता मंदिर में आज दर्शन करने के लिए पदयात्रियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। वहां पर भी रविवार सुबह विधि-विधान से घट स्थापना की गई। नवरात्रि में यहां कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम को पांडालों में गूंजेगी डांडिया की धुन नवरात्रि के पहले दिन सुबह पूजा-अर्चना के बाद अब शाम को दुर्गा पूजा पांडालों में उत्सव की रौनक बढ़ेगी। कई जगहों पर गरबा और डांडिया कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पांडालों में भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु माता की आराधना करेंगे और पारंपरिक गरबा का आयोजन होगा। यहां देखें घट स्थापना और मंदिरों की तस्वीरें…