भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ रेल लाइन पर मंडपिया स्टेशन के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर से युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और शव को गठरी में बांधकर मॉर्च्युरी तक पहुंचाया जा सका। हादसा शुक्रवार को मंडपिया रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर आगे हमीरगढ़ स्टेशन की ओर हुआ। ट्रैक पार करने की चक्कर में लगी टक्कर जीआरपी चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक हाइवे की ओर से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर जा रहा था। इसी दौरान वो उदयपुर से जयपुर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर के कारण उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए थे, जिन्हें एक गठरी में ट्रैक से इकट्ठा किया गया। पहचान के डॉक्युमेंट्स नहीं मिले सूचना मिलते ही जीआरपी स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। टक्कर के बाद शरीर टुकड़ों में बिखर जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक ने लोवर और टी-शर्ट पहन रखी थी और उसके पास पहचान से जुड़ा कोई भी डॉक्युमेंट्स नहीं मिला। हादसे में युवक का मोबाइल फोन भी पूरी तरह टूट गया। जीआरपी के जवानों ने एक-एक कर मोबाइल के टुकड़ों को भी घटनास्थल से इकट्ठा किया। पुलिस का मानना है कि मृतक आसपास की किसी फैक्ट्री का वर्कर होने की संभावना है। संभवत: पटरी पार करते वक्त हादसे का शिकार हो गया। जीआरपी आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों और फैक्ट्रियों से कॉन्टेक्ट कर मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है।