भीलवाड़ा जिले में 3 दिनों से लापता एक 50 वर्षीय महिला का शव गांव के पास स्थित एक कुएं में मिला। परिजनों ने 10 अक्टूबर को गंगापुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। घटना गंगापुर थाना क्षेत्र स्थित शिवरती गांव की है, जहां सोमवार की दोपहर प्रेम देवी (50) पत्नी नारायण जाट का शव मिला। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चप्पल देखकर हुआ शक, कुएं में शव पड़ा मिला जानकारी के अनुसार, प्रेम देवी बीते 9 अक्टूबर को अपने घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद 10 अक्टूबर को गंगापुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। सोमवार दोपहर को गांव से खेत की ओर जाने वाले रास्ते पर गुजर रहे ग्रामीणों की नजर रास्ते में स्थित एक बिना मुंडेर के कुएं के बाहर पड़ी महिला की चप्पलों पर पड़ी। संदेह होने पर जब ग्रामीणों ने कुएं के अंदर झांका तो वहां महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना तुरंत गंगापुर पुलिस को दी गई। ग्रामीणों की मदद से निकाला शव, हॉस्पिटल में रखवाया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और सहाड़ा एएसपी बुद्धराज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को गंगापुर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस बोली- हत्या या सुसाइड, दोनों एंगल से जांच जारी सहाड़ा एएसपी बुद्धराज ने बताया कि महिला 9 अक्टूबर से लापता थी और उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। फिलहाल महिला किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंची, साथ ही यह हादसा है या हत्या, इन सभी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।