भिवानी जिले में जेरपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को ट्रेन से गिर कर 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल पुत्र माला राम, निवासी गांव रानिसर, जिला जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे के आसपास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जेरपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने युवक के ट्रेन से गिरने की सूचना लोहारू जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही लोहारू जीआरपी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को लोहारू के उपनागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शुक्रवार को शव को शवगृह में रखवा दिया गया। शनिवार को हुई मृतक की पहचान शनिवार को मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजबाला द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मृतक के पिता माला राम के बयान के आधार पर 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, मृतक अनिल दो भाइयों में बड़ा था और उसका एक छोटा भाई है। मृतक अनिल अविवाहित था तथा परीक्षा देने के लिए जयपुर गया हुआ था। मृतक के पिता माला राम ट्रक ड्राइवर हैं। परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई बचा है। युवक की मौत की सूचना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।