एसीबी ने बीकानेर में लोहावट के विकास अधिकारी (BDO) से 8 लाख 14 हजार रुपए कैश बरामद किया है। भीनासर चेकिंग पॉइंट पर शुक्रवार की शाम नाकाबंदी के दौरान एसीबी टीम ने BDO नारायण सुथार की कार को रुकवाया और उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार में रखे बैग में 8 लाख रुपए से ज्यादा की रकम मिली। एएसपी आशीष कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यह रकम रिश्वत की हैं, जिसे लेकर नारायण सुथार लोहावट से बीकानेर की ओर आ रहे थे। एएसपी आशीष कुमार ने बताया कि पुख्ता जानकारी थी कि नारायण सुथार कथित तौर पर कार में रिश्वत की राशि लेकर बीकानेर की ओर आ रहे हैं। फिलहाल उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एएसपी ने बताया कि पूछताछ में नारायण सुथार का कहना है कि बरामद रकम उनके एक दोस्त की है और वे उसे आगे पहुंचाने के लिए लेकर जा रहे थे। सुथार का कहना है कि वे सिर्फ कैरियर के तौर पर काम कर रहे थे। हालांकि उनके इस दावे से एसीबी संतुष्ट नहीं है, इस कारण उनके इस दावे की भी जां की जा रही है। साथ ही रकम का वास्तविक स्रोत क्या है, यह किसकी है और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसके संबंध में सभी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।