बीकानेर नगर निगम चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इससे पहले शहर में आचार संहिता की पालना को लेकर जिला प्रशासन की सुस्ती सामने आई है। शहर के बीचों-बीच नगर निगम की दो टॉयलेट बसों पर पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित की तस्वीर लगी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे आचार संहिता के विपरीत बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। महिलाओं की सुविधा के लिए खड़ी की गई थीं बसें नगर निगम ने करीब एक साल पहले कोटगेट से अणचाबाई अस्पताल जाने वाले रास्ते और फोर्ट स्कूल के पास दो बसें खड़ी की थीं। इन बसों को बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं की शौच सुविधा के लिए तैयार किया गया था। दोनों तरफ लगी है पूर्व महापौर की फोटो इन बसों को हटाने के बजाय सीमेंट की चौकी पर स्थायी रूप से खड़ा कर दिया गया। दोनों बसों के दोनों तरफ तत्कालीन महापौर सुशीला कंवर की फोटो लगाई गई थी। आचार संहिता लागू होने के बाद शहर में जगह-जगह से राजनीतिक व्यक्तियों की तस्वीरें हटा दी गईं, लेकिन नगर निगम की ओर से खड़ी इन बसों से अब तक पूर्व महापौर की तस्वीर न तो हटाई गई है और न ही उसे ढका गया है। कांग्रेस नेता ने जताई आपत्ति इस मामले में कांग्रेस नेता व शहर इकाई के पूर्व महासचिव रवि पुरोहित ने आपत्ति जताई है। इस तरह आचार संहिता की धज्जियां उड़ने पर चिंता जताते हुए त्वरित रूप से इन्हें हटाने और शहर में अन्य स्थानों पर भी गहन निरीक्षण की आवश्यकता जताई है। पुरोहित ने कहा है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।