बीकानेर शहर में बारिश नहीं हुई लेकिन आसपास के गांवों में करीब एक घंटे तक रुक रुककर हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। न सिर्फ गांवों में बल्कि बीकानेर शहर तक ठंडी हवा ने बता दिया कि बादल बरस चुके हैं। मौसम विभाग ने बुधवार रात बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम को आसमान में बादल छा गए। देर रात तक कई बार बिजली चमकती रही। इससे तेज बारिश की उम्मीद बनी, लेकिन शहरी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इतनी कम कि जमीन भी नहीं भीग सकी। गुरुवार दोपहर बाद कक्कू सहित कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। शहर में बादल छाए, बिजली चमकी, लेकिन बरसे नहीं बुधवार रात बीकानेर शहर में काफी देर तक बादल छाए रहे। बिजली चमकने और गरजने से लोगों को तेज बारिश की उम्मीद थी, लेकिन बादल बिना बरसे ही निकल गए। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 16 सितंबर की सुबह तक बीकानेर में पिछले 24 घंटे में बारिश शून्य दर्ज हुई। तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री तक ज्यादा बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। पिछले दो दिनों से रात के समय हवा में ठंडक महसूस हो रही है। इसके बावजूद शहर में बादल बारिश नहीं कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की परिस्थितियां 19 सितंबर के आसपास अनुकूल हो सकती हैं। आज भी बारिश की संभावना मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 17 सितंबर को बीकानेर में सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है।