रायपुर नगर पालिका चुनाव में भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर वार्ड 3 के पार्षद विनोद लोढ़ा के निर्विरोध चुने जाने के बाद मंगलवार को पार्टी ने विजय जुलूस निकाला। नगर पालिका चुनाव के तहत मंगलवार को उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई। भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 3 के पार्षद विनोद लोढ़ा ने नामांकन दाखिल किया था। दूसरे प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद विनोद लोढ़ा को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया गया। इससे पहले वार्ड नंबर 8 के पार्षद मदनलाल माली का नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा।