निगम मुख्यालय में शुक्रवार को मेयर चुनाव हुए। भाजपा के सुनील कोठारी मेयर चुने गए। उन्हें 89 वोट मिले। कांग्रेस को 60 और 1 वोट नोटा को गया। इससे पहले सुबह से दोपहर तक सियासी माहौल गरमाया रहा। मतदान सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 1:50 बजे तक चला, लेकिन ज्यादा चर्चा मुख्य गेट पर हुए घटनाक्रम की रही। प्रवेश को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच कई बार खींचतान हुई। कांग्रेस विधायक रफीक खान को पुलिस ने गेट पर रोक दिया। 10 मिनट बाद कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा के आने पर अंदर जाने दिया। वहां भाजपा नेता रवि नैयर दिखे तो सवाल उठाया कि उन्हें कैसे आने दिया। इसके बाद विधायक और पार्षद धरने पर बैठ गए। 45 मिनट तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। दोपहर 12:30 बजे भाजपा पार्षदों की वोटिंग पूरी होने के बाद भाजपा नेता रवाना हुए। इसके बाद धरना समाप्त कर कांग्रेस ने वोटिंग की। भाजपा की बसें गेट तक आईं, कांग्रेस पार्षद 100 मीटर पैदल चलकर आए अमीन-रफीक बोले- रिकॉर्डिंग जांची जाए, विधानसभा में प्रिविलेज मोशन लाएंगे सवाल- जयपुर कैसे बदलेगा? जवाब- सफाई से शुरुआत, परकोटे की अलग प्लानिंग राजधानी के नए मेयर सुनील कोठारी ने शुक्रवार शाम 5 बजे पदभार ग्रहण किया। भास्कर से बातचीत में कोठारी ने कहा कि निगम में भाजपा का बोर्ड बना है, लेकिन शहर के विकास के लिए सभी 150 पार्षदों को साथ लेकर चलेंगे। परकोटे और बाहरी शहर की समस्याएं अलग-अलग हैं, इसलिए दोनों क्षेत्रों के लिए जरूरत के अनुसार प्लानिंग की जाएगी। सफाई, सड़क और मूलभूत सुविधाएं उनकी प्राथमिकता में रहेंगी। Q. सबसे पहला काम क्या करेंगे? -पहली प्राथमिकता शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिले, इसलिए समीक्षा कर कमियां दूर करेंगे। Q. सफाई सबसे बड़ी चुनौती है, बदलाव कैसे करेंगे? - कचरा संग्रहण, परिवहन और नियमित मॉनिटरिंग की पूरी व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी। जहां कमी है, उसे चिह्नित कर सुधार करेंगे। Q. परकोटे की संकरी गलियों में सफाई बड़ी समस्या है? -परकोटे की भौगोलिक स्थिति अलग है। संकरी गलियों में सामान्य तरीके से सफाई संभव नहीं है। इसके लिए अलग प्लान बनाकर व्यवस्था करनी होगी। Q. परकोटे में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या भी गंभीर है? -परकोटे की सड़कें और गलियां सीमित हैं। इसका समाधान अकेले निगम के स्तर पर संभव नहीं है। ट्रैफिक पुलिस, जेडीए और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वित प्लान तैयार करेंगे। Q. खराब सड़कों को कैसे सुधारेंगे? -जहां सड़कें ज्यादा खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता से सुधारा जाएगा। निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान रहेगा, ताकि सड़कें लंबे समय तक टिकें। सवाल : बारिश में जलभराव और सीवर की समस्या का स्थायी समाधान क्या होगा? कोठारी : जिन इलाकों में बार-बार जलभराव होता है, वहां इसके कारणों की पहचान करेंगे। नालों और सीवर लाइनों की समय रहते सफाई कराई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान समस्या कम हो।