हनुमानगढ़ में भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी बैठक जंक्शन स्थित जाट भवन में शुरू हुई। बैठक में श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं, लेबर कोड की पालना और संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। राजस्थान में लेबर कोड की सख्ती से पालना नहीं होने का आरोप प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी ने कहा कि राजस्थान में तीन लेबर कोड लागू होने के बावजूद उनका सख्ती से पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में इन नियमों की कड़ाई से पालना हो रही है। डाबी ने राजस्थान में भी लेबर कोड की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने की जरूरत बताई। उद्योग मंत्री और मुख्यमंत्री से बात करेगा संघ डाबी ने कहा कि लेबर कोड की प्रभावी पालना के लिए संघ की ओर से उद्योग मंत्री और मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी। उन्होंने ठेका श्रमिकों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए ठेकेदारों के अनिवार्य पंजीयन की आवश्यकता बताई। ठेका श्रमिकों को सुविधाएं दिलाने की मांग बैठक में संघ की ओर से सरकार से ठेका एक्ट के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करवाने और ठेका श्रमिकों को नियमानुसार सुविधाएं दिलाने की मांग करने पर चर्चा हुई। बैठक में लिए गए निर्णयों को संगठन के निचले स्तर तक पहुंचाने और कार्ययोजना को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।