तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में संविधान दिवस के मौके पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। यहाँ कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। विवाद तब शुरू हुआ जब BRS नेता मन्ने कृष्णांक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एक रेस्टोरेंट में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

क्या था मामला?

BRS कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया, जिसे 'बिरयानी प्रोटेस्ट' का नाम दिया गया। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने रेस्टोरेंट में राहुल गांधी का पुतला रखा था। उनका आरोप था कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने और जॉब कैलेंडर लागू करने का जो वादा किया था, वह अभी तक पूरा नहीं हुआ है।

इसी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और BRS के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए और दोनों पक्षों में झड़प हो गई।

केटी रामाराव ने साधा निशाना

BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक शांतिपूर्ण कार्यक्रम पर हमला किया। KTR ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है और यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।