सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 26वीं वाहिनी, रामगढ़ में वाहिनी के स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर के सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात BSF जवानों ने कैंप में हिस्सा लिया। अधिकारियों के अनुसार, शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए खून की उपलब्धता सुनिश्चित करना और जवानों में समाजसेवा व मानवीय दायित्व की भावना को मजबूत करना था। वाहिनी के 58 जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर की अध्यक्षता कमांडेंट लिन्जकाई सितलऊ ने की। जवानों में समाज सेवा की भावना को बढ़ाने का उद्देश्य अधिकारियों ने बताया- शिविर का मुख्य उद्देश्य हॉस्पिटल में इलाज करा रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए खून की कमी को पूरा करना और जवानों के मन में समाज सेवा की भावना को और मजबूत करना था। रक्तदान करने वाले सभी जवानों की हौसला अफजाई करते हुए कमांडेंट ने कहा कि रक्तदान करना इंसानी सेवा का सबसे बड़ा और पवित्र काम है। उन्होंने सभी रक्तदाता जवानों को बधाई दी और कहा कि आपके द्वारा दिए गए खून से किसी संकट में फंसे व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी जवानों को आगे भी ऐसे अच्छे और मानवीय कामों में हिस्सा लेते रहने के लिए प्रेरित किया।