बूंदी में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना था। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को नगरीय निकाय चुनाव की निर्धारित तिथियों, निर्वाचन कार्यक्रम और विभिन्न चरणों में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को उनके कार्य दायित्वों से भी अवगत कराया गया। लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश मास्टर ट्रेनर्स ने प्रकोष्ठों के कार्यों के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में अधिकारियों द्वारा पूछे गए निर्वाचन कार्य से संबंधित विभिन्न सवालों के जवाब दिए गए। अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और आवश्यक सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।