बूंदी साइबर पुलिस थाना ने 'साइबर शील्ड' विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पिछले 8 महीने से फरार था और उस पर 2000 रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा जयपुर के आदेश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ और आईजी कोटा रेंज के निर्देशन में चल रहे 'साइबर शील्ड' अभियान के तहत बूंदी पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत और त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अदिति चौधरी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन बूंदी की टीम ने आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसन अली पुत्र ईशाक खान निवासी ग्राम झूझण्डा, थाना मूंडवा, जिला नागौर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी किरदार अहमद, श्याम सुंदर, हेड कॉन्स्टेबल भोजेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल रवि और ड्राइवर कॉन्स्टेबल देवेन्द्र सिंह शामिल थे। बूंदी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने निजी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड न दें। इन दस्तावेजों का उपयोग साइबर अपराधों में किया जा सकता है, जिसके लिए संबंधित व्यक्ति कानूनी रूप से जिम्मेदार हो सकता है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर या साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट करें। गोपनीय सूचना के लिए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन बूंदी के 24x7 हेल्पलाइन नंबर 8764862409 पर भी संपर्क किया जा सकता है।