बूंदी जिले में गेण्डोली थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से मारपीट करने के मामले में 5 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर की गई। थानाधिकारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों को हिरासत में लेकर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया। कोर्ट के आदेश पर 4 पुरुष आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। गाली-गलौज कर लात-घूंसों से पीटा था पीड़िता ने 31 जुलाई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सुबह 8-9 बजे वह शौच के लिए बाहर गई थी। लौटते समय मोनू पुत्र रामकण गुर्जर, राजाराम गुर्जर, सीताराम पुत्र मोतीलाल गुर्जर (निवासी कुआगांव) और महावीर पुत्र देवलाल गुर्जर (निवासी भाटियों की झोपड़िया) ने उसे गाली-गलौज कर लात-घूंसों से पीटा। लकड़ी से पीटा, चोटी पकड़कर खींची, पत्थर फेंके पीड़िता के अनुसार, मोनू ने लकड़ी से उसके हाथ और अन्य जगहों पर वार किया, जबकि महावीर ने उसकी चोटी पकड़कर खींची। बाद में धापूबाई पत्नी राजाराम, सुगनाबाई पत्नी सीताराम, पिंकू बाई पत्नी मोनू, सीमाबाई पत्नी रामप्रसाद और मोनू की मां ने भी उसके साथ मारपीट की। जब पीड़िता के पति ने उसे घर में बंद करके बचाया, तो आरोपियों ने मकान के अंदर पत्थर फेंके, जिससे छत और दरवाजे पर निशान पड़ गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोनू गुर्जर (33), राजाराम गुर्जर (56), महावीर प्रसाद भाटिया (47), सीताराम गुर्जर (49), धापूबाई (55), रामप्यारी बाई (46), सुगनाबाई (44), विष्णु बाई उर्फ पिंकू (31) और सीमा बाई (37) शामिल हैं। ये सभी कुआगांव/भाटिया की झोपड़ियां, थाना गेण्डोली के निवासी हैं।