बूंदी शहर के 10 ऐतिहासिक दरवाजों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण किया जाएगा। इस काम में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि शहर को धीरे-धीरे विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में इंटेक शहर के ऐतिहासिक दरवाजों का सौंदर्यकरण करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लटके हुए बिजली के तारों को जमीन के अंदर करवाया जाए। दरवाजों के पास लगे ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों को नियमों के हिसाब से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। बीएसएनएल और दूसरे प्राइवेट ऑपरेटरों की टेलीफोन लाइनें, टेलीफोन पोल और फाइबर लाइनें भी योजना बनाकर जमीन के अंदर डाली जाएं। दरवाजों के पास हो रहे अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश कलेक्टर ने नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता और तहसीलदार को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दरवाजों के पास हो रहे अवैध कब्जों को हटाया जाए, ताकि निर्माण काम शुरू हो सके। सभी संबंधित विभाग आपस में तालमेल बिठाकर काम करें। वे इस काम में आ रही चुनौतियों को पहचानें और उन्हें दूर करके शहर के सौंदर्यकरण का काम पूरा करवाएं। बैठक में एडभ्एम एच.डी. सिंह, तहसीलदार जतिन दिनकर, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी और नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता धर्मेंद्र कुमार मीणा मौजूद रहे।